कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान मसूद ने मोदी पर एक विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जिनको संसदीय कतई नहीं कहा जा सकता।
चुनाव आयोग ने वीडियो देखने के लिए मांगा और उसके बाद मसूद के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया।
वीडियो में इमरान मुस्लिमों को भड़काते हुए दिख रहे हैं और मोदी को सबक सिखाने की बात कर रहे हैं। हालांकि इमरान से जब इस बाबत पूछा गया तो वो अपने बयान से पलट गए।
आपको बता दें कि इमरान, कांग्रेस के दिग्गज नेता रशीद मसूद के भतीजे हैं। राशिद के बेटे शाजान सपा के टिकट पर मैदान में हैं।
बचाव की मुद्रा में आई कांग्रेस
इमरान का बयान जब टीवी चैनलों पर चलना शुरु हुआ तो कांग्रेसी नेताओं के लिए मामले को संभालना मुश्किल हो गया। कांग्रेस इस मामले पर बैकफुट पर है और बचाव की मुद्रा में दिखाई दे रही है।
कांग्रेस के नेता और गाजियाबाद से उम्मीदवार राज बब्बर ने कहा कि ये बात इमरान ने गलत कही है और इस तरह की बातों को स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
हालंकि इमरान ने माफी मांगने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मोदी गुजरात दंगों के लिए माफी मांग लें तो मैं भी माफी मांग लूंगा।
बयान पर बीजेपी का रुख कड़ा
कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए जगदंबिका पाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि,"कांग्रेस को इमरान पर एक्शन लेना चाहिए और माफी भी मांगनी चाहिए।"
हालांकि मोदी, राजनाथ और अन्य किसी बड़े बीजेपी नेता का कोई बयान अभी तक इस मामले पर नहीं आया है।
चुनाव आयोग ने इस मामले पर एक्शन लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक खबर है कि बीजेपी आयोग से इमरान का नामांकन खारिज करने की मांग कर सकती है।
मुस्लिम धर्मगुरु भी बयान के खिलाफ
मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद महली ने इस मामले पर कहा है कि,"ये असंसदीय भाषा है, इस तरह की भाषा का राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि,"अगर इमरान मोदी को हराना ही चाहते हैं तो वोट से हराएं। इस तरह की भाषा स्वीकार करने योग्य नहीं है। कांग्रेस को इमरान के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।"
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर आया ताबड़तोड़ शेयर होने लगा। मोदी समर्थक और मोदी विरोधी दोनों ही इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।
ये वीडियो और इमरान का भाषण इतना शेयर हुआ कि फिलहाल ट्विटर ट्रेंड्स में टॉप पर है।
इमरान मसूद के समर्थन में और विपक्ष में लाखों ट्वीट्स अभी तक किए जा चुके हैं और अभी भी जारी हैं।