हरियाणा में बलात्कार की घटनाओं पर सोनिया गांधी के खिलाफ बाबा रामदेव की आपत्तिजनक टिप्पणी पर तिलमिलाई कांग्रेस ने भी मर्यादा की सीमा लांघकर बयानबाजी शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने धमकी भरे लहजे में कहा है, 'रामदेव मेरे सामने यह बात कहकर देखें, फिर मैं उन्हें बताऊंगी।'
रेणुका चौधरी ने गुस्से भरे लहजे में कहा, 'रामदेव की कौन-सी बेटी है, जो वह इतना संवेदनशील बनकर बात कर रहे हैं, बड़े संवेदनशील बनकर आए हैं। यह कोई बोलने का तरीका है। यह योगगुरु हैं या कुछ और, पहले अपनी शक्ल तो ठीक करें।' रेणुका चौधरी ने कहा कि रामदेव घटिया बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा के जींद में बलात्कार की शिकार एक दलित लड़की के आत्महत्या करने की घटना के बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी वहां संवेदना व्यक्त करने पहुंची थीं। सोनिया गांधी के हरियाणा सरकार के बचाव में यह कहने पर कि रेप की घटनाएं सिर्फ हरियाणा में ही नहीं, पूरे देश में बढ़ रही हैं, रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। रामदेव ने कहा था, 'मैं आदरणीय सोनिया गांधीजी से पूछना चाहता हूं कि यही रेप की घटना यदि उनकी खुद की बेटी के साथ हुई होती, तब भी वह यही बयान देतीं। इस तरह से अपने मुख्यमंत्रियों का बचाव करना शर्मनाक है।'
रामदेव के इस बयान के बाद कांग्रेस ने भी दो कदम आगे बढ़कर अमर्यादित जवाब दिया है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि रामदेव को संत कहलाने का हक नहीं है। उनकी टिप्पणी अनुचित है। इस तरह के बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि अपने आंदोलन को असफल होता देखकर रामदेव कुंठा में अनाप-शनाप बयान देने लगे हैं। वहीं, कांग्रेस के सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल ने भी रामदेव पर निशाना साधा है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि बाबा की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। राजद सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि रामदेव को पागलखाने भेज देना चाहिए।