फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेकां का सूपड़ा साफ

Fri, 16 May 2014 10:10 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में सत्ताधारी गठबंधन के दोनों दलों का सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस को एक भी सीट हासिल नहीं हो सकी। केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद उधमपुर लोकसभा सीट से हार गए हैं और फारूक अब्दुल्ला खबर लिखे जाने तक अपने प्रतिद्वंद्वी से काफी पीछे चल रहे थे।
विज्ञापन


कश्मीर घाटी की तीनों सीटें पीडीपी के खाते में जानी तय मानी जा रही हैं। लद्दाख में कांग्रेस के बागी गुलाम रजा प्रत्याशी जीत की ओर अग्रसर हैं। भाजपा ने जम्मू संभाग की दोनों सीटों पर कब्जा कर रियासत में भी मोदी लहर को कायम रखा है।

जम्मू संभाग में मोदी लहर रही और घाटी में राज्य सरकार की विफलता ने सत्ताधारी गठबंधन को धूल चटा दी। जम्मू -पुंछ सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विधायक जुगल किशोर शर्मा ने कांग्रेस के वर्तमान सांसद मदनलाल शर्मा को पराजित किया। मदनलाल दस साल से सांसद थे लेकिन मोदी लहर उन पर भारी पड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सब पर भारी पड़े मोदी

उधमपुर-डोडा सीट पर कांग्रेसी दिग्गज गुलाम नबी आजाद को भाजपा के नए प्रत्याशी डॉ. जीतेंद्र सिंह से करारी हार मिली। इस सीट पर प्रत्याशी बदलने का फायदा भी कांग्रेस को नहीं मिल पाया। आजाद की व्यक्तिगत छवि भी काम नहीं आई और मोदी सब पर भारी पड़े। कश्मीर की श्रीनगर सीट को नेकां का मजबूत किला माना जाता रहा है। लेकिन नेकां सुप्रीमो फारूक अब्दुल्ला अपने ही किले में परास्त होने की कगार पर हैं। पीडीपी के मोहम्मद हमीद कर्रा उनसे काफी आगे चल रहे हैं।

अनंतनाग सीट पर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अपने प्रतिद्वंद्वी नेकां के वर्तमान सांसद मिर्जा महबूब बेग को और बारामुला में पीडीपी के मुजफ्फर हुसैन बेग अपने प्रतिद्वंद्वी नेकां सांसद शरीफुद्दीन शारिक के खिलाफ काफी मजबूत हैं। घाटी की तीनों सीटों पर रियासत सरकार के खिलाफ मतदाताओं का गुस्सा प्रकट हुआ है।

लद्दाख सीट पर समीकरण अलग थे। वहां कांग्रेस के बागी प्रत्याशी गुलाम रजा भाजपा के थुपस्थन छिवांग से आगे चल रहे हैं। निर्दलीय गुलाम रजा को कारगिल से अधिक वोट मिले। केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिलाने का भरोसा दिलाने के बावजूद भाजपा की स्थिति सुखद नहीं रही। लद्दाख में कांग्रेस प्रत्याशी मुकाबले में भी नहीं रहा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें