'साहेब' के कहने पर गुजरात में एक लड़की की जासूसी के मामले में कांग्रेस नरेंद्र मोदी पर लगातार हमले कर रही है। कांग्रेस ने इस संबंध में एक और खुलासा किया।
कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि जिस लड़की की जासूसी की गई थी कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे कारोबारी फायदा पहुंचाया था और बिना नीलामी के सरकारी ठेके दिए थे।
गुजरात कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल ने मोदी पर यह आरोप लगाए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अगर नरेंद्र मोदी लड़की की कंपनी और उसके परिवार को दिए गए फायदों के अरोपों पर सफाई नहीं देते हैं तो कांग्रेस पार्टी गुजरात सरकार के गलत कामों के सबूत देकर उसका पर्दाफाश करेगी।
पढ़ें: ‘साहेब’ की घेराबंदी करने में जुटी केंद्र सरकार
गोहिल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री हर चीज के बारे में बोलते हैं, किसी की पत्नी पर टिपण्णी करते है, बीमार पर अपमाजनक बयान देते हैं तो उन्हें इस मामले में भी पाक साफ साबित होना चाहिए।
उन्होंने सरकार से पूछा कि गांधीनगर ग्रिड सोलर प्रोजेक्ट के कितने काम और अन्य सरकारी प्रोजेक्ट्स लड़की और उसके परिवार को दिए गए।
भाजपा की धमकी का जवाब
गोहिल का यह बयान भाजपा के उस बयान के बाद आया जिसमें कांग्रेस को उसके गिरेबान में झांकने की धमकी दी गई थी। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने दिल्ली में कहा था कि महिला आयोग को लड़की के पिता की तरफ से पत्र लिखे जाने के बाद कांग्रेस को यह मामला छोड़ देना चाहिए।
पढ़ें: युवती के पिता, नरेंद्र मोदी और प्रदीप शर्मा का कनेक्शन
उन्होंने कहा कि अगर निजी हमले बंद नहीं हुए तो कांग्रेस के भी कई ऐसे राज हैं जो बाहर आ गए तो उसके लिए छुपने की जगह नहीं रहेगी। जावड़ेकर ने कांग्रेस पर मोदी को निशाना बनाने के लिए लड़की के परिवार की निजता पर हमला करने का आरोप लगाया।
इस मामले पर दोनों दलों में जुबानी जंग जारी है। जहां भाजपा इसे सुरक्षा का मामला बता रही है वहीं कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी पर जासूसी और निजता के हनन का आरोप लगाया है।
वहीं, महिला आयोग के आग्रह के बाद बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने इस मामले की जांच के संकेत देते हुए कहा कि फिलहाल मंत्रालय इस बारे में सूचनाएं जुटा रहा है।
क्या है मामला
दो वेबसाइट कोबरा पोस्ट और गुलेल डॉटकॉम ने शुक्रवार को गुजरात के तत्कालीन गृह राज्यमंत्री अमित शाह पर अपने ‘साहेब’ के लिए बंगलूरू की एक आर्किटेक्ट युवती की अहमदाबाद में जासूसी कराने का आरोप लगाया था।
पढ़ें: 'शहजादे' के जवाब में कांग्रेस लाई 'साहेबजादे'
इनका दावा था कि वर्ष 2009 में न केवल युवती और उसके रिश्तेदारों के फोन सर्विलांस पर लगाए गए, बल्कि एटीएस, क्राइम ब्रांच और सीआईडी ने युवती की पल-पल की जानकारी शाह को मुहैया कराई।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अमित शाह के 'साहेब' और कोई नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी ही हैं और उनके कहने पर जासूसी की गई है।
भाजपा ने इन आरोप से इनकार करते हुए इसे लड़की के पिता के कहने पर उसे सुरक्षा देने का मामला बताया है। लड़की के पिता प्राणलाल सोनी ने कहा है कि उनकी लड़की दूसरे शहर में थी इसलिए उसकी चिंता में उन्होंने नरेंद्र मोदी से पारिवारिक रिश्तों के कारण बेटी की सुरक्षा का आग्रह किया था।