आंकड़ों के सहारे नरेंद्र मोदी पर हमला कर रही कांग्रेस पर भाजपा ने पलटवार किया है।
वकील से मंत्री बने कपिल सिब्बल की नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती को स्वीकार करते हुए पार्टी ने भी वरिष्ठ वकील व राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली को मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया।
पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सिब्बल से बहस के लिए जेटली तैयार हैं। हालांकि बाद में सिब्बल बहस से यह कहकर पीछे हट गए कि जेटली जब भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बन जाएंगे, तब वे उनसे बहस करेंगे।
शाहनवाज ने कहा कि आंकड़े गिना रहे कानून मंत्री कपिल सिब्बल को महंगाई, भ्रष्टाचार, सीमापार से घुसपैठ व सीमा पर मारे गए जवानों से लेकर प्याज-आलू की आसमान छूती कीमतों के आंकड़े जारी करने चाहिए।
कांग्रेस पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के राज में तो अब दिवाली भी बहुत महंगी हो गई है। इस बार महंगाई इस कदर बेलगाम हो गई है कि दो दीप जलाना भी मुश्किल हो रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के मंत्रियों को रोजाना मोदी पर हमले करने का नया कामकाज मिल गया है, क्योंकि उनके पीएम पद के अघोषित उम्मीदवार राहुल गांधी मोदी के सामने कहीं भी टिक नहीं पा रहे हैं।
शाहनवाज ने कहा कि राहुल जब भी बोलते हैं तो विवाद में पड़ जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस प्रवक्ताओं व मंत्रियों को बचाव के लिए मैदान में उतर कर कई दिन तक सफाई देनी पड़ रही है। सिब्बल, सलमान खुर्शीद, मनीष तिवारी व प्रवक्ता अजय माकन इन दिनों यही काम कर रहे हैं।
शाहनवाज ने पूछा कि सिब्बल महंगाई व भ्रष्टाचार के आंकड़ों पर खामोश क्यों हैं। इंडियन मुजाहिदीन को लेकर मुंह क्यों नहीं खोल रहे हैं। सीमा पर तैनात जवानों के साथ पाकिस्तान की हरकतों की घटनाओं के आंकड़े क्यों जारी नहीं करते।
उन्होंने कहा कि देशवासी जानते हैं कि सिब्बल ने टूजी घोटाले को लेकर किस तरह के आंकड़े दिए थे। सिब्बल ने इस घपले में जीरो लॉस की बात कही थी।