पश्चिमी यूपी के तीन जिलों में शनिवार को सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है। मुजफ्फरनगर के परासौली गांव में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार माहौल बिगाड़ने की साजिश रची गई। शरारती तत्वों ने इस बार प्राचीन धर्मस्थल में पशु अवशेष डालने के साथ ही नंदी की मूर्ति और घरनावल चोरी कर लिया। घटनास्थल पर पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
वहीं, सहारनपुर के बडूली गांव में शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने एक धर्मस्थल में स्थापित की गईं तीन मूर्तियां खंडित कर दीं। जबकि बिजनौर में शरारती तत्वों ने रामलीला मैदान के निकट धर्मस्थल बाबा लगोटिया महाराज में बामन देव की मूर्ति को खंडित कर दिया और शनिदेव की लोहे की पताका उखाड़ दी। इसके अलावा दुर्गा माता धर्मस्थल के गेट को भी तोड़ दिया। घटना से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के परासौली गांव में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार माहौल बिगाड़ने की साजिश रची गई। शरारती तत्वों ने इस बार प्राचीन धर्मस्थल में पशु अवशेष डालने के साथ ही नंदी की मूर्ति और घरनावल चोरी कर लिया। नंदी की मूर्ति के स्थान पर पशुओं के दो कटे सिर रख दिए। शनिवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए लोग धर्मस्थल पहुंचे तो खबर आग की तरह फैल गई। भीड़ जुट गई।
इसकी जानकारी मिलने पर भीड़ ने अवशेष हटाने वाले सिपाही को बंधक बना लिया। पुलिस अफसरों की महिलाओं से तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान भी मौके पर पहुंचे और पांच दिन पुरानी वारदात को नहीं खोलने पर अफसरों को आड़े हाथों लिया। मामले में ग्राम प्रधान सतेंद्र सैनी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली ने बताया कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।