कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने 27 अप्रैल और 4 मई को होने वाली संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा को लोकसभा चुनाव के चलते स्थगित कर दिया है।
परीक्षा की नई तिथियों के बारे में बाद में ऐलान किया जाएगा। एसएससी ने अपनी नोटिस में कहा है कि अप्रैल और मई महीने में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए सभी आवेदकों को सूचित किया जाता है कि संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा-2014 को स्थगित किया जाता है।
साथ ही कहा है कि संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा इस साल के दूसरे हिस्से में कराई जा सकती है। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
नई तिथियों की घोषणा बाद में
आयोग चुनाव बाद संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएलई)-2013 को सात केंद्रों लखनऊ, पटना, इलाहाबाद, दिल्ली, जयपुर, शिमला और देहरादून में फिर से कराएगा। ऐसी खबरें थी कि इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने नकल की थी।
आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा-2013 को दो चरणों 21 अप्रैल और 19 मई 2013 को टियर वन और 29 सितंबर 2013 को टियर 2 आयोजित की थी। आयोग का कहना है कि इन सातों केंद्रों को छोड़कर अन्य परीक्षा केंद्रों के परीक्षार्थियों को दोबारा परीक्षा नहीं देनी होगी।
संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा के जरिए केंद्रीय मंत्रालयों में सहायकों समेत ग्रुप बी और सी के अधिकारी, आयकर विभाग और सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टरों, असिस्टेंट इंफोर्समेंट अधिकारियों, सीबीआई में सब इंस्पेक्टरों और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स में इंस्पेक्टरों की भर्ती की जाती है। सोमवार 7 अप्रैल को पहले चरण और आखिरी चरण का मतदान 12 मई को जबकि मतगणना 16 मई को होगी।