पूरा उत्तर भारत शुक्रवार को भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर तक लोग सर्दी से ठिठुरते रहे। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया।
कानपुर में छह दशकों का रिकॉर्ड तोड़कर पारा दो डिग्री तक गिर गया। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हुई। शुक्रवार को कोहरे से तो कुछ राहत रही, लेकिन मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को कोहरा घिरने के आसार जताए हैं, जिससे रफ्तार पर ब्रेक लग सकते हैं। इससे उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।
दिल्ली में सुबह हल्का कोहरा रहा। लेकिन इससे उड़ानों या सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर कोई खास असर नहीं पड़ा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। यूपी में कानपुर का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है।
लखनऊ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम, 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान भी 13 डिग्री रहा, जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। इसके अलावा आगरा में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री और मुरादाबाद में 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। कुछेक स्थानों पर घना कोहरा रहेगा।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। वहीं, उत्तराखंड में देहरादून में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में शुक्रवार को ताजा हिमपात के बाद टंगधार, केरन, गुरेज़, सोनमर्ग, द्रास और गुलमर्ग-उड़ी के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन की आशंका जताई गई है।
जम्मू डिवीजन में भी देर शाम कई इलाकों में बारिश हुई। गुलमर्ग में सात से आठ इंच तक बर्फबारी रिकार्ड की गई। घाटी के सबसे आखिरी पड़ाव गुरेज़ में 20 से 24 इंच तक भारी बर्फबारी रिकार्ड की गई। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तरफा ट्रैफिक खोला गया।