एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत बृहस्पतिवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटा रहा। इस दौरान कई जगह दृश्यता 100-150 मीटर के बीच दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन तक दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब में कुछ इसी तरह के मौसम के संकेत दिए हैं।
विभाग का कहना है कि तीन से 6 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश होगी। वहीं, 4-5 फरवरी को हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत में ओले पड़ने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने इस दौरान दिन के तापमान में कमी और रात के तापमान में वृद्धि के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के बारे में जो भविष्यवाणी की थी वह सच हुई। सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई। सफदरजंग केंद्र पर दृश्यता 150 मीटर और पालम में 500 मीटर तक गिर गई। पूरा एनसीआर करीब साढ़े दस बजे तक कोहरे की चादर ओढ़े रहा।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 21.9 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। यह सामान्य से एक डिग्री नीचे 7.1 डिग्री दर्ज किया गया।
वातावरण में अधिकतम नमी 100 फीसदी रही। शुक्रवार को सुबह घने कोहरे और दिन के समय आसमान में बादल रहने की भविष्यवाणी की गई है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहने की संभावना है।
गुड़गांव में पांच की मौत
बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक घने कोहरे की वजह से पांच लोगों मौत हो गई। धुंध के दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बाइक सवार दो युवक एक वाहन की चपेट में आ गए। वहीं, फर्रूखनगर-गुड़गांव मार्ग पर ट्रक और टाटा 709 की टक्कर में चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
ग्रेनो में तीन मरे
कोहरे के चलते कुलेसरा, सूरजपुर और कासना, परीचौक और जेवर-बुलंदशहर रोड पर हुईं पांच सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।