भाजपा नेता नरेंद्र मोदी बुधवार को 11 बजे सरदार पटेल स्टेडियम में चौथी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। इसके पहले मंगलवार को मोदी को नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से अपना नेता चुना। गांधीनगर के टाउन हाल में हुई बैठक में पार्टी के सभी 115 नवनिर्वाचित विधायक मौजूद थे। सभी ने मोदी को राष्ट्रीय पर्यवेक्षक और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना।
मोदी के नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ विधायक और पूर्व वित्त मंत्री वाजू वाला ने किया। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किए जाने के बाद जेटली ने मोदी के चुने जाने का ऐलान किया। बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि चुनाव में जो टीम जीती है, वह भाजपा की जीत है।
उन्होंने कहा कि पार्टी रिलेशनशिप मैनेजमेंट में अग्रणी हैं। एक बार जो भाजपा से जुड़ता है, वह ही पार्टी का हो जाता है। पिछले एक वर्ष में सभी मंत्रियों ने सैकड़ों गांवों का दौरा किया और वे लोगों के बीच रहे। यह जीत उसी का परिणाम है। मोदी बुधवार को राज्यपाल कमला बेनीवाल से पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे। 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 115 विधायक जीत कर आए हैं।