कोतवाली इलाके में प्याऊ लगाने के विवाद में तीरगरान में शनिवार को दो समुदाय आमने-सामने आ गए। इसके बाद बजाजा बाजार में पथराव के साथ गोलीबारी हो गई।
चार लोगों को गोली लगी जबकि पथराव में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस दौरान अराजक तत्वों ने तीन दुकानें लूट लीं और एक दुकान व बाइक में आग लगा दी।
तनाव और अफवाहों के बीच शहर के सभी बाजार बंद हो गए। कोतवाली इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
प्याऊ लगाने को लेकर हुआ बवाल
विवाद की शुरुआत दोपहर करीब एक बजे तीरगरान धार्मिक स्थल के पास से हुई जहां दूसरे समुदाय के लोग निर्माण कार्य करा रहे थे। बाजार के व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध कर दिया।
आरोप लगाया कि प्याऊ की आड़ में जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। जबकि दूसरे समुदाय के लोगों का कहना था कि धार्मिक स्थल की जमीन पर प्याऊ बनाया जा रहा है।
इसी को लेकर तनातनी इतनी बढ़ी कि नारेबाजी के बाद बाजार की तरफ पथराव हो गया।
तीन लोगों के जख्मी होने की खबर
एक बाइक भी फूंक दी गई। दोनों समुदायों के आमने-सामने की सूचना पर एसएसपी और एसपी सिटी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए।
दोनों पक्षों के बीच पुलिस शांति बनाने की कोशिश कर ही रही थी कि गुदड़ी बाजार की तरफ से काफी संख्या में आए युवकों ने बजाजा बाजार की तरफ पथराव कर दिया।
पुलिस के सामने हुए पथराव में कई राउंड फायरिंग भी हुई। अराजक तत्वों ने घरों में घुसकर हमला करने की कोशिश की।
दुकानों में की लूटपाट
बजाजा बाजार में पवन सर्राफ की सूरजमल ज्वैलर्स, ज्ञान की खील बताशों की दुकान और एक हलवाई की दुकान में लूटपाट कर बताशों की दुकान में आग लगा दी गई।
हालात बिगड़ने पर आईजी जोन आलोक शर्मा, डीआईजी रेंज के. सत्यनारायणा भी अतिरिक्त फोर्स लेकर पहुंच गए। आरएएफ और आरआरएफ के अलावा मुजफ्फरनगर से भी पुलिस फोर्स बुला ली गई।