बुलंदशहर जिले के खुर्जा में बृहस्पतिवार देर रात साढ़े दस बजे काजीवाड़ा मोहल्ले के एक युवक की हत्या के बाद जमकर बवाल हुआ।
एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के युवक पर हत्या का आरोप लगाकर हाईवे जाम कर दिया और बसों में जमकर तोड़फोड़ की। यात्रियों को बसों से खींचकर पीटा गया। कई यात्री घायल हुए हैं।
लोग कोतवाली का घेराव कर हंगामा करते रहे। बवाल के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वालों से भी मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठियां फटकारीं।
शहर में तनाव बरकरार है। मौके पर डीआईजी, एसएसपी, एसपी देहात समेत आला अफसर पहुंच गए। पुलिस ने देर रात छह से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया है। आईजी आलोक कुमार ने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। मृतक के भाई ने छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी कासिम (30) को मोहल्ले का ही युवक फैजान देर रात घर से बुलाकर ले गया। इन दोनों में काफी दिनों से रंजिश चल रही थी।
फत्तो बावली गेट पर कुछ युवकों ने झगड़े के बाद कासिम को तमंचे की बट से मारकर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में कासिम को अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां रास्ते में कासिम ने दम तोड़ दिया।
हालांकि यह साफ नहीं है कि कासिम की हत्या किसने की। घटना के बाद से फैजान और उसके पिता गायब हैं। पुलिस उन्हें तलाश रही है। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय पर कासिम की हत्या का आरोप लगा कर हंगामा शुरू कर दिया।
बसों में तोड़फोड़, यात्रियों से बदसलूकी
मारपीट में दूसरे समुदाय का युवक भी घायल हुआ है। लोगों ने आधे घंटे तक जीटी रोड पर जाम लगाए रखा। इस दौरान रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों को बसों से खींचकर पीटा।
जीटी रोड स्थित रिफाहे-ए-आम कालेज के पास चार रोडवेज बसों और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। करीब आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आई हैं।
तोड़फोड़ में उन्नाव डिपो की एक बस भी शामिल थी, जबकि अलीगढ़ डिपो की आगरा से देहरादून जा रही बस भी शामिल थी। मेरठ से आगरा जा रही गढ़ डिपो की बस में भी तोड़फोड़ हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस से भी उपद्रवियों ने मारपीट की। इसके बाद पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। वहीं, यात्री बसों से उतरकर भागते नजर आए। एक समुदाय के लोगों ने कोतवाली का भी घेराव किया। पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों पर लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया।
अतिरिक्त फोर्स तैनात
शहर का माहौल खराब होते देख 12 थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला ली गई है। शहर के 16 प्वाइंट्स को संवेदनशील मानते हुए एक थानाध्यक्ष और पुलिस फोर्स लगा दी गई है। आईजी आलोक कुमार भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है। उधर, मृतक कासिम के भाई काफिल ने छह लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
दोनों पक्षों से बात की जा रही है। मृतक की मां से बात हुई है और दूसरे समुदाय के परिजनों से भी बात हुई है। कई बातें निकल कर सामने आ रही हैं। लेकिन पहली नजर में कासिम और फैजान के बीच पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
- अखिलेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बुलंदशहर