मुजफ्फरनगर में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र हुए नेताओं में जमकर लात-घूंसे और पत्थर चले।
महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी और छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनस के समर्थकों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मंच से लेकर सड़क तक हुए महासंग्राम को देखकर सपा नेता भाग खड़े हुए। वरिष्ठ नेताओं ने बड़ी मुश्किल से अपनी इज्जत बचाई।
सपा कार्यालय पर रविवार को सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला महासचिव वसी अंसारी ने बोलने के लिए छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनस खान का नाम पुकारा। अनस ने जैसे ही भाषण देना शुरू किया, मंच पर बैठे राशिद सिद्दीकी ने कह दिया कि छुटभैये लोगों को समय मत दो।
अनस अपना भाषण बीच में छोड़कर नीचे उतर आया। कुछ ही देर में वह वापस मंच पर आया और राशिद सिद्दीकी को थप्पड़ जड़ दिए। अचानक हुई इस घटना से मंच पर सन्नाटा छा गया।