3600 करोड़ रुपये के वीवीआई हेलीकॉप्टर सौदे में रिश्वत मामले में सीबीआई ने सोमवार को कहा कि पूर्व वायुसेना प्रमुख एसपी त्यागी समेत अन्य आरोपी बिना उसकी अनुमति के देश छोड़कर विदेश यात्रा पर नहीं जा सकते हैं।
इस मामले से जुड़े आरोपी विदेश जाने के लिए स्वतंत्र है, के सवाल पर सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि नियमों के मुताबिक, उन्हें जांच एजेंसी को इसकी जानकारी देना जरूरी है।
साथ ही प्रवक्ता ने कहा कि हेलीकॉप्टर घूसकांड में आरोपी बनाए गए पूर्व वायुसेना प्रमुख और अन्य के खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस संबंधी खबरें काल्पनिक हैं। अभी तक ऐसा कोई भी नोटिस जारी नहीं किया गया है।
पिछले हफ्ते सीबीआई ने हेलीकॉप्टर डील मामले में एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) एसपी त्यागी समेत 12 अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया था।
इसके साथ ही जांच एजेंसी ने उनके आवास समेत 14 ठिकानों पर छापे भी मारे थे। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि पूर्व वायु सेना प्रमुख, उनके रिश्ते के तीन भाइयों संजीव उर्फ जूली, राजीव उर्फ डोक्सा और संदीप, यूरोपियन बिचौलिये कार्लो गेरोसा, क्रिश्चियन मिशेल और गुइदो हैश्के उन 13 लोगों में से हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।