26/11 के मुंबई हमले के साजिशकर्ता और हैंडलर अबु जुंदाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीस हजारी अदालत में बुधवार को चार्जशीट दाखिल कर दी। अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है।
सीएमएम विद्या प्रकाश की अदालत में दाखिल चार्जशीट में पुलिस ने अबु जुंदाल के अलावा अन्य 12 आरोपियों को संदिग्धों की सूची में डाला है। पुलिस ने चार्जशीट में अबु जुंदाल पर मुंबई हमलों के अलावा अहमदाबाद ट्रेन ब्लास्ट, जर्मन बेकरी, औरंगाबाद आर्म्स केस, जामा मस्जिद केस, चिन्ना स्वामी स्टेडियम ब्लास्ट केस, नासिक पुलिस अकादमी पर हमले की साजिश सहित कई आतंकी हमलों की साजिश रचने और युवाओं को जेहाद के लिए भड़काने का आरोप लगाया है। दिल्ली के मीर विहार इलाके में मिली हथियार फैक्ट्री में अबू जुंदाल का हाथ बताया जा रहा है।