फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदु मिल में बनेगा बाबा साहब का स्मारक

Thu, 06 Dec 2012 12:40 AM IST
नई दिल्ली/मुंबई/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में लंबे समय से की जा रही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के स्मारक के निर्माण की मांग बुधवार को मंजूर कर ली है। सरकार ने अंबेडकर की 56वीं पुण्यतिथि से एक दिन पहले इंदु मिल परिसर में स्मारक के लिए 12.5 एकड़ भूमि मुहैया कराने की घोषणा की है।
विज्ञापन


लोकसभा में एफडीआई पर वोटिंग से ठीक पहले यह महत्वपूर्ण फैसला किया गया। इससे पहले राज्यसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बसपा ने स्मारक निर्माण पर सरकार से जवाब मांगते हुए खूब हंगामा किया। महाराष्ट्र के सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने जहां फैसले को ऐतिहासिक बताया, वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने कम जगह देने पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि भव्य स्मारक के निर्माण के लिए कम से कम 30 से 40 एकड़ जमीन की जरूरत है। अगर सरकार 12-13 एकड़ भूमि पर स्मारक का निर्माण कराती है तो हम इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं करेंगे। गौरतलब है कि दलित संगठनों ने इस मुद्दे पर फैसला लेने को सरकार के लिए 6 दिसंबर की समयसीमा तय की थी।
विज्ञापन

 
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने बयान में कहा कि मुंबई के नेशनल टेक्सटाइल कारपोरेशन की इंदु मिल में रखी बाबा साहब की अस्थियां लोगों के लिए आदरणीय स्थल है। यहां अंबेडकर का स्मारक बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

महाराष्ट्र सरकार ने इसके लिए जमीन संबंधी प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने का काम शुरू कर दिया है। अब संसद में इससे संबंधी विधायी प्रस्तावों को पास कराकर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं चव्हाण ने स्मारक निर्माण के लिए अलग प्राधिकरण गठित करने की बात कही है।

... और वेल में पहुंच गईं मायावती
स्मारक निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर रहे अपने सांसदों की अगुवाई करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती पहली बार खुद ही वेल में पहुंच गईं। हालांकि इस मुद्दे पर वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा का जवाब पहले ही सदन की कार्यवाई की सूची में शामिल था, लेकिन मायावती ने सभापति की एक नहीं सुनी और बसपा सांसद जवाब की मांग करते रहे। शर्मा के जवाब के लिए 12 बजे का वक्त तय किया गया था। उससे पहले इस हंगामे ने ऐसा रूप अख्तियार किया कि सदन की कार्यवाही घंटे भर के लिए स्थगित कर दी गई।

महापरिनिर्वाण दिवस पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुंबई। 6 दिसंबर को बाबा साहब अंबेडकर के  56वें महापरिनिर्वाण दिवस पर मुंबई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुंबई के शिवाजी पार्क, दादर स्थित चैत्य भूमि के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुंबई पुलिस के 5 हजार जवानों, एसआरपीएफ की पांच टुकड़ियों के साथ ही रैपिड एक्शन फोर्स की तीन बटालियन व दंगा नियंत्रण दल की दो बटालियनों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें