पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर सीबीआई के जरिये धमकाने का आरोप लगाया है।
हावड़ा में दो जून को होने वाले लोकसभा उप चुनाव के लिए आयोजित रैली में उन्होंने कहा, ‘केंद्र सीबीआई के जरिये हमें धमका रहा है। हमने खुदरा क्षेत्र में एफडीआई के मुद्दे पर यूपीए सरकार का साथ छोड़ दिया था। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) यह विरोध जारी रखेंगे।’
ममता ने कहा कि केंद्र हमें औरों की तरह सीबीआई या पैसे की धमकी देकर अपने इशारों पर नहीं नचा सकता। ममता ने दावा किया कि देश की पचास फीसदी आबादी रिटेल में एफडीआई आने से प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार आगामी आम चुनाव में तीसरी बार सत्ता में वापसी नहीं करेगी। हावड़ा की यह सीट टीएमसी सांसद अंबिका बनर्जी के निधन की वजह से खाली हुई थी।