देश में कम लागत से मकान तैयार करने के अपने एजेंडे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंगापुर की मदद चाहते हैं।
पीएम ने कम लागत वाली आवासीय परियोजनाओं के लिए सिंगापुर से आधुनिक निर्माण प्रौद्योगिकी हासिल करने में मदद का अनुरोध किया है।
मोदी ने यह अनुरोध भारत की यात्रा पर आए सिंगापुर के विदेश मंत्री के षणमुगम से मुलाकात के दौरान किया।
सिंगापुर की ली जाएगी मदद
पीएमओ ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने षणमुगम को बताया कि उनकी सरकार सभी को सस्ता मकान उपलब्ध कराना चाहती है, इसमें सिंगापुर की विशेषज्ञता मददगार साबित हो सकती है।
इसके साथ ही दोनों पक्षों ने कौशल विकास, स्मार्ट शहरों के निर्माण, जल प्रबंधन, जहाजरानी, बंदरगाह प्रबंधन, तटीय विकास आदि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता सस्ते मकान उपलब्ध कराने की है। पीएम ने देश के 100 शहरों को भी स्मार्ट सिटी के रूप में विसित करने का अपना इरादा भी जाहिर किया।
रिश्तों को बनाया जाए मजबूत
इस मौके पर षणमुगम ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीयन लूंग का संदेश मोदी को दिया जिसमें ली ने भारत सिंगापुर रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में भारत-सिंगापुर के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया। ये आयोजन अगस्त 2014 से जुलाई 2015 तक चलेंगे।