बदायूं कांड को लेकर सीबीआई की जांच के निष्कर्ष पर सियासत गरमा गई है। बसपा और कांग्रेस ने सीबीआई रिपोर्ट पर सवाल उठा दिए हैं तो सपा ने इसके दम पर बसपा और मीडिया को इस मामले को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के लिए जनता से माफी मांगने को कहा है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि सीबीआई ने जल्दबाजी में रिपोर्ट तैयार की है और यह खामियों से भरी है। मायावती ने कहा कि पार्टी रिपोर्ट से कतई सहमत नहीं है और बसपा के सत्ता में आने के बाद इस मामले की पूरी जांच फिर से शुरू करवाई जाएगी और असल दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
उधर, कांग्रेस ने भी जांच पर सवाल उठाया है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस जांच को लेकर सीबीआई और राज्य की जांच एजेंसी बार-बार अपना रूख बदलती रही है। इसलिए जांच एजेंसी की मंशा पर सवाल खड़ा होता है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।