कोल ब्लॉक आवंटन में हुई अनियमितताओं की जांच की दिशा में सीबीआई ने सोमवार को देश में अलग-अलग 16 जगहों पर छापे मारे। इस दौरान सीबीआई ने इस मामले में दो और नए एफआईआर दर्ज किए हैं।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई के छापे पांच राज्यों के सात शहरों में 16 जगहों पर चल रहे हैं। छापे की यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा ग्रीन इंफ्रा और कमल स्टील कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद शुरू की गई है। दोनों कंपनियों पर कोल ब्लॉक आवंटन के दौरान गलत जानकारी देने का आरोप है।
गौरतलब है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की सिफारिश पर सीबीआई वर्ष 2006 और 2009 के बीच निजी कंपनियों को कोल ब्लॉक आवंटन में हुई अनियमितताओं के आरोपों की जांच कर रही है। सीबीआई ने इस मामले में अब तक कुल नौ एफआईआर दर्ज कराए हैं।