फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकलची डॉक्टरों पर सीबीआई का सफल ‘ऑपरेशन’

Sun, 11 Nov 2012 12:18 AM IST
चंडीगढ़/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
पीजीआई की एमडी और एमएस के एंट्रेस टेस्ट में ब्ल्यूटूथ और मोबाइल से नकल करती सात महिला डॉक्टरों को सीबीआई टीम ने शनिवार को चार परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन


शहर के तीन होटलों में रह कर पेपर हल करवा रहे गिरोह के सरगना और 7 विशेषज्ञों को भी गिरफ्तार किया गया है। पेपर हल करवाने के लिए ये विशेषज्ञ पटना और हैदराबाद में बैठे साथियों से भी ऑनलाइन जुड़े थे। सीबीआई की टीम ने उनकी धरपकड़ के लिए वहां भी छापेमारी की है। पकड़े गए सभी आरोपी आंध्रप्रदेश और बिहार के बताए जा रहे हैं।
 
सीबीआई का कहना है कि महिला डॉक्टरों से नकल करवाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये लिए गए थे। शहर में 11 सेंटरों में परीक्षा चल रही थी, जिनमें से चार में से महिला डॉक्टरों को पकड़ा गया। नकल के लिए इन सभी के कपड़ों में मोबाइल फोन, कई जगह बटन कैमरे लगे हुए थे।
विज्ञापन


सीबीआई ने होटले से पकड़े गए एक्सपर्ट्स के पास हल करवाए जा रहे पेपर सेटों की कॉपियां भी बरामद भी कर ली है। इसके अलावा इनके पास से दो दर्जन से ज्यादा मोबाइल, लैपटाप, माइक्रोफोन, दो दर्जन ब्ल्यूटूथ डिवाइस, सिम कार्ड, मोबाइल छिपाने के लिए बनाए गए स्पेशल कपड़े, कैमरे, बटन कैमरे, टैबलेट कंप्यूटर, वायरलेस एयरफोन, मेडिकल बुक, एटीएम और नगदी बरामद हुई।

नकल करने के लिए विशेष ड्रेस
परीक्षा में गई महिला डॉक्टरों को विशेष तरह की ड्रेस दी गई थी। सलवार के नाड़ों की गांठ और आस्तीन में बटन कैमरे लगाए गए थे। इन सभी महिला डॉक्टरों के कानों में बालियों के साथ और गले के पास विशेष छोटी जेब बनाकर ब्ल्यूटूथ तथा अंदर के वस्त्रों में इन से जुड़े दो-दो मोबाइल छुपाए गए थे।

सुबह 9 बजे पेपर का सेट मिलते ही महिला डॉक्टरों ने छुपे कैमरों की मदद से इसकी स्कैन कापी पहले से सेट मोबाइल के जरिए ई-मेल कर दी। शहर के तीन होटलों में बैठे सात विशेषज्ञों ने ई-मेल पर पेपर मिलते ही इसके जवाब बताने शुरू कर दिए। इस तरह से पेपर हल किया जा रहा था कि तभी करीब 10 बजे सीबीआई की टीमों ने एक साथ छापेमारी करते हुए इन्हें दबोच लिया।

ये हैं आरोपी
पकड़ी गईं महिला डॉक्टरों की पहचान जी पदमा झा, जी शाह झा, जे अरुणा, कृष्णा, सूची ममता, पिल्ले अमृथा और सी नमिता के रूप में हुई जबकि पेपर करवाने वालों में गिरोह का सरगना गुरवी रैड्डी, सिद्धार्थ, एसके फिरोज, जगदेश, थनीम खान और महेन्द्रा के रूप में हुई है।

कहां-किसे पकड़ा
सीबीआई डीआईजी महेश अग्रवाल ने बताया कि कुछ समय पहले ही हाईटेक तरीके से नकल कराये जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सीबीआई टीम ने शहर में बने 11 परीक्षा केंद्रों में छापामारी की।

सेक्टर 15 स्थित डीएवी मॉडल स्कूल में डॉक्टर सी नमिता और पिल्ले अमृथा को, सेक्टर 35 स्थित एजीजी एस सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र से जी पदमा झा, जी शाह झा, जे अरुणा को, सेक्टर 41 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल से डॉक्टर सूची ममता को और सेक्टर 44 स्थित सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल से डॉक्टर कृष्णा को मोबाइल और ब्ल्यूटूथ के साथ दबोच लिया। वहीं पेपर हल करवा रहे विशेषज्ञों को होटल केसी रेजीडेंसी, वेस्टर्न कोर्ट से पकड़ा गया है।

एक के कान में फंसा ब्लूटूथ
डीएवी मॉडल स्कूल से पकड़ी गई दो डॉक्टरों में से एक के कान में ब्ल्यूटूथ फंस गया। इसे निकालने के लिए पीजीआई ले जाना पड़ा, जहां ब्ल्यूटूथ निकाला जा सका।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें