भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पार्टी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव वी. जॉर्ज को जांच एजेंसी द्वारा क्लीन चिट दिया जाना सीबीआई के दुरुपयोग का एक और जीता जागता उदाहरण है।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने नेताओं के पकडे़ जाने के बाद सीबीआई से रिपोर्ट बदलवाई। सीबीआई ने ही जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट दी।
सज्जन कुमार के मामले में भी इसी तरह की कोशिश की जा रही है और अब वी. जॉर्ज का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पता है कि अगले साल उसकी सत्ता जाने वाली है।
इसलिए वह बाहर होने से पहले सभी कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ मामलों को साफ कराने में जुटी है। रिपोर्ट के अनुसार सीबीआई ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में जॉर्ज को क्लीन चिट दी है।