इशरत जहां मुठभेड़ कांड में सीबीआई ने नए सबूत हासिल करने का दावा किया है। इस फर्जी मुठभेड़ कांड की जांच के सिलसिले में मिले नए तथ्यों से इसकी जांच और तेज हो सकेगी। देश की आला जांच एजेंसी इस कांड के पीछे की साजिश का पता कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई को इशरत जहां मुठभेड़ कांड से जुड़े हालातों के कुछ नए सुबूत मिले हैं, जो इसके आरोपियों के ठिकानों को पता दे सकते हैं। इन सुबूतों के मद्देनजर इंटेलिजेंस ब्यूरो के स्पेशल डायरेक्टर राजिंदर कुमार से भी पूछताछ हो सकती है।
सीबीआई इसमें पूरक आरोपपत्र दाखिल कर सकती है। इसमें गुजरात पुलिस की ओर से 19 वर्षीय इशरत जहां और जावेद शेख, अमजद अली राणा और जीशान जौहर समेत तीन अन्य लोगों की हत्या के पीछे की साजिश की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि इस मामले में सीबीआई की चार्जशीट में गुजरात पुलिस के सात अफसरों पर हत्या, अपहरण और संबंधित अपराध के आरोप लगाए गए हैं।