अदालत में उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने और मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरेली के शाहबाद दीवानखाना निवासी आल इंडिया मुस्लिम काउंसिल के रिजवान बरकाती की ओर से दायर कराए गए इस मुकदमे में अदालत ने बयान दर्ज कराने के लिए 25 अक्तूबर की तारीख नियत की है।
अदालत में दायर परिवाद में बरकाती ने कहा है कि उसने मदरसे में शिक्षा ग्रहण की है। 15 सितंबर, 2014 को उन्नाव से भाजपा के सांसद साक्षी महाराज ने एक सभा में कहा था कि मदरसों में छात्रों को आतंकवाद की शिक्षा दी जाती है।
सांसद के इस कथन से हिंदू और मुस्लमानों के बीच कटुता पैदा होगी। सांसद के इस कथन से मदरसे में पढ़ने वाले छात्रों का मान भंग हुआ है और सांसद के इस बयान से राष्ट्रीय एकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
समाचार पत्रों में सांसद के कथन को पढ़कर उसकी भावना आहत हुई है।