राजस्थान के चार विधानसभा क्षेत्रों नसीराबाद (अजमेर), वैर (भरतपुर), कोटा दक्षिण (कोटा) तथा सूरजगढ़ (झुन्झुनू) में उपचुनाव का प्रचार बृहस्पतिवार शाम 6 बजे थम जाएगा।
अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के प्रचार में जुटे भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेताओं को संबंधित विधानसभा क्षेत्र बृहस्पतिवार शाम तक छोड़ने होंगे।
मतदान के लिए प्रलोभन देने, शराब वितरण आदि गतिविधियों पर भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कड़ी निगरानी रखे जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. गोविन्द शर्मा ने बताया कि प्रचार थमने के साथ ही इलेक्ट्रोनिक मीडिया के माध्यम से भी चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लागू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजनीतक दल अथवा प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसम्पर्क के जरिए प्रचार कर सकते है।
प्रचार अभियान के थमने के साथ ही राजनीतिक दल और प्रत्याशियों द्वारा सार्वजनिक सभा, जुलूस और लाउड स्पीकर के जरिए प्रचार नहीं किया जा सकेगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई भी राजनीतिक व्यक्ति यदि संबंधित क्षेत्र का वोटर नहीं है और नियमों के अंतर्गत छूट के दायरे में नहीं आते हैं, तो वे बृहस्पतिवार शाम 6 बजे तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र में नहीं रुक सकेंगे।