जब से शीना बोरा मर्डर केस सामने आया है तब से खार पोलिस स्टेशन के आसपास गतिविधियां बढ़ गई हैं। नाखुश खार निवासियों ने शिकायत की है कि उनके इलाके की शांति खत्म हो गई है, जबकि खाने-पीने का कारोबार वहां अभी खूब फल-फूल रहा है।
शीना मर्डर केस के मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी और इस हत्या के रहस्यों से जुड़े उनके पूर्व पति संजीव खन्ना, जानी-मानी मीडिया हस्ती पीटर मुखर्जी, सिद्धार्थ दास, श्याम राय और मिखाइल बोरा से खार पुलिस स्टेशन में नियमित अंतराल पर पूछताछ की जाती रही है। इससे यहां मीडिया और इसके बारे में जानने वालों की भारी भीड़ तो होती ही है, बड़ी संख्या में पुलिस वाले भी होते हैं।
एक तरफ जहां खार निवासी सुस्त ट्रैफिक के अलावा बहुत अधिक भीड़ की शिकायत कर रहे हैं तो खाने-पीने का कारोबार करने वालों की चांदी है।
एक खाने-पीने की दुकान की मालकिन पद्मा यादगीरा कहती हैं कि उनके आउटलेट पर भारी संख्या में ग्राहक आते हैं और पिछले सप्ताह से तो उनके पास सांस लेने तक की फुर्सत नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी कमाई में पिछले सप्ताह के दौरान 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।