महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बृहस्पतिवार देर रात ढही इमारत के मलबे से तीन और शव बरामद होने के बाद इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 तक पहुंच गई है। इस हादसे में 14 लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक ठाणे के मुंबरा इलाके में बाजारपेठ पर स्थित 35 साल पुरानी तीन मंजिला इमारत ‘शकुंतला’ आधी रात के वक्त उस समय ढह गई, जब इसमें रहने वाले गहरी नींद में थे।
मरने वालों में दो माह की मासूम बच्ची भी है। मलबे में ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका के बीच पुलिस ने देर रात 2.30 बजे बड़े पैमाने पर बचाव कार्य शुरू कर दिया। सभी घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच हालात का जायजा लिया। मदद के लिए अग्निशमन का एक दल भी घटना स्थल पर मौजूद है।
मरने वालों में छह की पहचान महक मुद्दसर पंजाबी (2 महीने), मोहम्मद रेहान जिलानी फारूकी (25), उस्ना (4), अब्दुल करीम शेख (30), तस्मिया मकदूम शेख (3) और शाकिर अब्दुल करीम शेख (6) के रूप में हुई है।
इससे पहले 10 जून को सेंट्रल मुंबई में स्थित माहिम में चार मंजिला एक इमारत के ढह जाने से 10 लोगों की मौत हो गई थी और 6 लोग घायल हो गए थे।
जबकि 4 अप्रैल को ठाणे जिले के मुंबरा के नजदीक शिल-फाटा में एक इमारत ढह जाने से 74 लोगों की मौत हो गई थी और 60 लोग घायल हो गए थे।