यमुनापार में शनिवार को सामुदायिक भवन का उद्घाटन करने पहुंचीं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को विरोध का सामना करना पड़ा। उद्घाटन के बाद कोंडली की बसपा पार्षद ने मंच पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। पार्षद उद्घाटन के शिलापट्ट पर अपना नाम नहीं होने से नाराज थीं। इस दौरान सांसद संदीप दीक्षित से बहस के बाद पुलिस ने महिला पार्षद को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को कोंडली इलाके में करीब 11.30 बजे मुख्यमंत्री सामुदायिक भवन का उद्घाटन करने पहुंची थी। जब वे मंच से लोगों को संबोधित करने के लिए उठीं तो बसपा की पार्षद प्रियंका गौतम अचानक मंच पर चढ़कर उनके पास पहुंच गईं और हंगामा खड़ा कर दिया। इससे मुख्यमंत्री हतप्रभ रह गईं।
उन्होंने पार्षद की किसी भी बात का जवाब नहीं दिया। इस दौरान सांसद संदीप दीक्षित ने वहां पहुंचकर पार्षद को समझाने की कोशिश लेकिन दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। किसी तरह मुख्यमंत्री संबोधन खत्म करके वहां से निकल गईं। इस दौरान पार्षद के समर्थकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करके काले गुब्बारे भी दिखाए।