हरिद्वार जिले के खेड़ी शिकोहपुर गांव में एक भाई ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना सोमवार तड़के उस समय हुई, जब भाई ने अपनी बहन को घर के अंदर प्रेमी के साथ देख लिया। बहन की हत्या के बाद आरोपी ने प्रेमी युवक के घर जाकर फायरिंग की। गोली लगने से प्रेमी का मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सहारनपुर के कोठीवाला निवासी इरफान अपने मामा भूरे के साथ खेड़ी शिकोहपुर गांव में रहता है। इरफान का पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय लड़की से प्रेम संबंध था। सोमवार सुबह करीब चार बजे इरफान लड़की से मिलने उसके घर आ गया।
इसी दौरान लड़की की भाभी की नींद खुल गई। उसने दोनों को देखकर अपने पति इस्तखार को जानकारी दी। बहन के साथ किसी लड़के को देखकर इस्तखार अपना आपा खो बैठा। उसके गुस्से को देखते हुए इरफान वहां से भागकर अपने मामा के घर में घुस गया।
इधर, गुस्से में इस्तखार ने दुपट्टे से गला दबाकर बहन को मार डाला। बहन की हत्या करने के बाद वह घर में रखा तमंचा लेकर इरफान के घर पहुंच गया। शोर शराबा होने पर इरफान का मामा भूरा बाहर आया। उसने इस्तखार को रोकने का प्रयास किया।
दोनों के बीच हुई हाथापाई में तमंचे से निकली गोली भूरा के पेट में जा लगी। वह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी इस्तखार को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से तमंचा बरामद कर लिया। भूरे को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।