ब्रिटेन सरकार ने दो दशक पहले अपने नागरिकों को जारी की गई एक एडवाइजरी को वापस ले लिया है। इसमें श्रीनगर, जम्मू और लद्दाख की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई थी। ब्रिटेन ने यह कदम रियासत में सुरक्षा हालातों में हुए सुधार को देखते हुए उठाया है।
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को लिखे पत्र में भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त जेम्स बेवन ने कहा है कि सुरक्षा हालातों में सुधार को देखते हुए हमने अपने नागरिकों को जम्मू और श्रीनगर तथा जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रा नहीं करने के लिए जारी एडवाइजरी को वापस ले लिया है।
इस कदम से ब्रिटिश पर्यटक और बिजनेसमैन राज्य के दौरे के लिए प्रोत्साहित होंगे और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा। जर्मनी और जापान के बाद इन स्थानों की यात्रा नहीं करने पर लेगे प्रतिबंध को हटाने वाला ब्रिटेन तीसरा देश बन गया है।
हालांकि ब्रिटिश उच्चायोग के प्रेस आफिसर ने कहा कि राज्य के अन्य स्थानों की यात्रा नहीं करने पर जारी एडवाइजरी पूर्ववत लागू रहेगी। अमेरिका, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे अन्य कई देशों ने जम्मू और कश्मीर की यात्रा नहीं करने की एडवाइजरी जारी की हुई है।
हालांकि इन प्रतिबंधों को हटाने के लिए राज्य सरकार कई बार अनुरोध कर चुका है। 1989 में राज्य में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आने और विदेशी पर्यटकों को बंधक बनाए जाने की घटनाओं के बाद कई विदेशी देशों ने अपने नागरिकों के लिए राज्य की यात्रा नहीं करने की एडवाइजरी जारी की थी।