यूपी में हाथरस के सिकंदराराऊ में विदाई के समय दूल्हे को चक्कर आना महंगा पड़ गया। लड़की ने दूल्हे को मिर्गी की बीमारी बता ससुराल जाने से इनकार कर दिया। वर पक्ष ने वधु पक्ष से काफी मिन्नतें कीं लेकिन लड़की पक्ष नहीं माना तो दुल्हन की विदाई के लिए बाराती कोतवाली पर धरना देकर बैठ गए।
उनका कहना था कि शादी के दौरान जो चढ़ावा चढ़ाया गया था वो भी लड़की वाले नहीं लौटा रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक बॉबी पुत्र कैलाशनाथ निवासी कल्याणपुर, कानपुर की शादी ग्राम नौरथा ईशेपुर निवासी पप्पू की बेटी नीतू माथुर से तय हुई थी। बुधवार को गांव में बारात आई और दावत के पश्चात भांवरें भी पड़ गईं। इस दौरान वर पक्ष ने लड़की को सोने-चांदी के जेवरात भी पहनाए।