वैवाहिक विवाद मामले में पूर्व मिस वर्ल्ड युक्ता मुखी और उनके पति प्रिंस तुली के बीच तलाक लेने पर आपसी सहमति बन गई है। बांबे हाईकोर्ट ने बुधवार को अलग होने पर उनके बीच बनी सहमति को स्वीकार कर लिया।
विज्ञापन
इस मामले में कोर्ट द्वारा नियुक्त मध्यस्थ वकील राजीव पाटिल ने गोपनीय रिपोर्ट में सहमति की शर्तें दाखिल कीं। जस्टिस मृदुला भाटकर ने रिपोर्ट स्वीकार करने के साथ ही युक्ता द्वारा दायर घरेलू हिंसा मामले में तुली को अग्रिम जमानत भी दे दी। कोर्ट ने वरिष्ठ वकील राजीव पाटिल को मध्यस्थ नियुक्त किया था ताकि दोनों आपसी सहमति से किसी समझौते पर पहुंच सकें।
युक्ता ने नवंबर 2008 में प्रिंस तुली से शादी की थी। चार साल बाद वह मुंबई स्थित अपने अभिभावकों के पास आ गई थीं। इसके बाद उन्होंने 4 जुलाई 2012 को तुली और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था। तुली ने 16 मई 2013 को तलाक की अर्जी दाखिल की थी।