दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर बॉलीवुड ने भी मंगलवार को खुशी जताते हुए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। इसके साथ ही उम्मीद जताई है कि पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। बधाई देने वालों में राम गोपाल वर्मा, शेखर कपूर, दीया मिर्जा, प्रीतीश नंदी, अनुभव सिन्हा, रितेश देशमुख और फरहान अख्तर जैसे कई फिल्मी कलाकार शामिल रहे।
निदेशक राम गोपाल वर्मा ने आप के आलोचकों पर हंसते हुए कहा कि जो लोग सोच रहे थे कि ‘आप’ एक ‘जोक’ है, लेकिन इस समय वह खुद अनुभव कर रहे हैं कि उन्हीं पर ‘जोक’ हो गया। आप के समर्थक संगीतकार विशाल डडलानी तो पार्टी की जीत की खुशी में शरीक होने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गए। आप के एक अन्य समर्थक निदेशक अनुभव सिन्हा भी दिल्ली में पार्टी की जीत की खुशी बांटने में शरीक होंगे। इसी तरह निदेशक प्रीतीश नंदी ने कहा कि यह भारतीय इतिहास की सबसे बड़ी जीत है।
फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने इसे यंग इंडिया की जीत बताया। उन्होंने कहा यह युवाओं को स्वीकार कर उन्हें उनकी वैयक्तिक दुनिया से निकालने का समय है। ‘भाग मिल्खा भाग’ के अभिनेता फरहान अख्तर ने भी पार्टी को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने विनम्रता से कहा कि ‘पहले आप’। अभिनेत्री दीया मिर्जा, रितेश देशमुख व टीवी कलाकार रघुराम सहित कई फिल्मकारों ने बधाई दी है।
‘आप’ की जीत का मुंबई में भी स्वागत
लोकसभा चुनाव से उठी मोदी लहर को अरविंद केजरीवाल की ‘आप’ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में झाड़ू से साफ कर दिया। मंगलवार को मुंबई की आम जनता ने भी चटखारे लेकर आप की जीत का आनंद लिया। खासकर, मुंबई के टैक्सी-रिक्शा और पान वालों में आम आदमी पार्टी को लेकर अलग जोश देखा गया। लोकसभा चुनाव के पहले जो टैक्सी और रिक्शावाले मोदी का गुणगान करते नहीं थकते थे, वह भी अब भाजपा सरकार को कोसने लगे हैं।
दरअसल, आप की जीत के आंकड़े देखकर मुंबईवाले भी हैरान हो गए हैं क्योंकि मुंबईवासियों को आप की भारी जीत का अंदाजा नहीं था। नतीजे आने के बाद आम लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अच्छे दिनों को याद कर अपनी भड़ास निकालने लगे। आरटीओ कार्यालयों में एजेंट खत्म करने की महाराष्ट्र सरकार की योजना से टैक्सी और रिक्शावाले ने जमकर अपनी भड़ास निकाली। मुंबई उपनगर मुलुंड में रिक्शा चलाने वाले अशोक सातपुते कहते हैं कि अच्छा हुआ दिल्ली में आम आदमी की झाड़ू चली, जिससे भाजपा साफ हो गई। उनका कहना है कि हमारा काम न तो आरटीओ अधिकारी कर रहे हैं और न ही एजेंट से काम हो पा रहा है। सभी टैक्सी और रिक्शा चालक परेशान है।
लोकल ट्रेनों में यात्रा करने वाले व्यापारी महंगाई, बेरोजगारी और मार्केट में मंदी को लेकर भाजपा को कोसते रहे। विरार से चर्चगेट आ रही लोकल में सफर कर रहे गुजराती व्यापारियों की टोली मोदीराज से खासी निराश दिखी। मुंबई के बोराबाजार में दुकान चलाने वाले विपुल देव कहते हैं कि मोदी के आने से व्यवसाय में तेजी आने की उम्मीद थी लेकिन इसका उल्टा हो गया।