भारत और दुनिया की ओर से स्विट्जरलैंड की बैंकिंग व्यवस्था की गोपनीयता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच स्विस बैंकों में भारतीयों के धन में पिछले एक साल में 10 फीसदी से अधिक की कमी आई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2014 के अंत में वहां के बैंकों में भारतीयों के करीब 12,615 करोड़ रुपये जमा थे।
वर्ष 2013 में उससे पिछले साल की तुलना में भारतीयों की जमा राशि में 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। वर्ष 2006 में स्विस बैंकों में भारतीयों के रिकार्ड 452 अरब रुपये जमा थे। ताजा आंकड़ों में काला धन के लिए सुरक्षित पनाहगाह माने जाने वाले स्विस बैंकों में जमा भारतीयों के काले धन का खुलासा नहीं किया गया है।
इसमें दूसरे देश की कंपनी के नाम से भारतीयों द्वारा रखे गए धन की भी जानकारी नहीं दी गई है। आंकड़ों के मुताबिक वेल्थ मैनेजरों की राशि में रिकार्ड गिरावट आई है जबकि करीब सात साल पहले यह राशि अरबों में हुआ करती थी।