भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हुंकार भरते हुए कहा कि अगर भाजपा केंद्र की सत्ता में लौटी तो यूपीए सरकार का रिटेल में एफडीआई लागू करने का फैसला पलट देगी। यहां सोमवार को किसान रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ मंच साझा करते हुए कहा कि यूपीए के इस निर्णय से देश के लाखों उद्यमियों और ट्रेडर्स को नुकसान हो रहा है।
ऐसे में सत्ता में आने पर भाजपा इस फैसले को बदल देगी। नए अध्यक्ष ने साथ ही कहा कि 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने पर भाजपा मनरेगा की योजना को कृषि से भी जोड़ देगी। इसके तहत किसानों की मदद के लिए हर जिले में प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी, ताकि उपजाऊ मिट्टी, बीज और फर्टीलाइजर के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी मिल सके। इसके अलावा बीजों और फर्टीलाइजर की कीमत और गुणवत्ता पर नियंत्रण के लिए एक नियामक भी बनाया जाएगा। राजनाथ ने भाजपा द्वारा पेश की गई क्रॉप इनकम इंश्योरेंस स्कीम लागू नहीं करने के लिए भी यूपीए सरकार की आलोचना की।