बिहार की हार से सबक लेते हुए भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बजाय राज्य के चेहरों को आगे कर पार्टी विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। पीएम मोदी बतौर स्टार प्रचारक रहेंगे। लेकिन स्थानीय चेहरा पर भी पार्टी का फोकस रहेगा।
इस प्रयास के तहत भाजपा आलाकमान ने असम विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय खेल राज्य मंत्री सर्वानंद सोनवाल को चेहरा बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान देने के साथ ही उन्हें चुनाव प्रबंधन समिति का चेयरमैन भी बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीएम उम्मीदवार बनाने से पहले भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया था। ठीक उसी तरह सोनवाल को भी असम चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाकर चुनाव के लिए उनका चेहरा आगे किया गया है।
दरअसल सूबे के विधानसभा चुनाव 2016 के मार्च-अप्रैल में होने वाले हैं। लेकिन बिहार में मात खाने के बाद पार्टी ने अभी से ही सोनवाल के रूप में अपना चेहरा आगे कर दिया है।