भाजपा बलात्कार के दोषियों को फांसी की सजा देने के साथ ही नाबालिग की उम्र 18 से घटाकर 16 साल किए जाने के पक्ष में है। पार्टी ने बुधवार को बलात्कार समेत महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने के लिए जस्टिस जेएस वर्मा कमेटी को अपने सुझाव भेज दिए।
पार्टी अध्यक्ष अध्यक्ष नितिन गडकरी ने इसके लिए जस्टिस वर्मा को पत्र लिखा है। भाजपा सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट के उन दिशा-निर्देशों पर अमल कराने के पक्ष में हैं जो वर्ष 1995 में ‘दिल्ली घरेलू वर्कर्स फोरम बनाम भारत सरकार’ मामले में दिए थे। इसके अलावा पार्टी नाबालिग की उम्र सीमा 18 से घटाकर 16 साल करने के पक्ष में है।
पार्टी का कहना है कि बलात्कार को फिर से परिभाषित करने की जरूरत है। पार्टी गैंगरेप, अपहरण कर बलात्कार व हत्या तथा हिरासत में बलात्कार जैसे मामलों में दोषियों को फांसी की सजा देने के पक्ष में है। बलात्कार के कारण महिला के हमेशा के लिए अपंग हो जाने की स्थिति में भी पार्टी दोषियों को फांसी के फंदे पर लटकाने के समर्थन में है।
पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इसके अलावा पार्टी ने एसिड के हमलों के मामले में अलग से सख्त कानून बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से महिलाओं पर एसिड फेंकने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसलिए इस मामले में अलग कानून बनाने की मांग की है। भाजपा ने इस मुद्दों को लेकर मुख्य तौर पर 13 सुझाव दिए हैं।