फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव जीते तो बुजुर्गों को करवाएंगे तीर्थयात्राः भाजपा

Tue, 23 Oct 2012 11:17 AM IST
शिमला/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश में भाजपा यदि फिर सत्ता में आई तो हर घर को मुफ्त इंडक्शन चूल्हा दिया जाएगा ताकि गैस सिलेंडर पर लगी सीलिंग से लोगों को राहत मिल सके। पार्टी ने सोमवार को यहां अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी किया। इसमें महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाते हुए हर वर्ग को लुभाने की कोशिश की गई है। इसके अलावा पार्टी ने बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करवाने का वादा किया है।   
विज्ञापन

 
घोषणा पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सरकार ने पांच साल पहले जारी घोषणा पत्र के हर वादे को पूरा किया है। भाजपा सस्ता राशन, सीएफएल योजना, पालीहाउस स्कीम जारी रखेगी। दोबारा सत्ता में आने पर नए घोषणा पत्र को भी नीतिगत दस्तावेज बनाएंगे। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना-घटाना या सीलिंग लगाना केंद्र सरकार के हाथ में है। छह सिलेंडरों की बंदिश से लोग मुश्किल में हैं, इसलिए भाजपा हर घर को एक इंडक्शन हीटर मुफ्त देगी ताकि सिलेंडर पर निर्भरता कम हो।

घोषणा पत्र के अनुसार, सरकारी अस्पतालों में हर वर्ग और हर रोग के मरीजों को मुफ्त दवाएं मिलेंगी। इसके लिए अलग स्वास्थ्य नीति बनेगी। निशुल्क वर्दी के बाद अब सरकारी स्कूलों के करीब 10 लाख बच्चों को मुफ्त बैग और डिक्शनरी दी जाएगी। 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को पांच साल में एक बार तीर्थयात्रा के लिए खर्च सरकार देगी।
विज्ञापन

 
भाजपा ने वादा किया कि सरकारी, निजी और स्वरोजगार के क्षेत्र में रोजगार के 10 लाख अवसर पैदा किए जाएंगे। इसके लिए स्वरोजगार और कृषि कर्ज दो फीसदी ब्याज दर पर दिया जाएगा। शेष ब्याज और गारंटी सरकार देगी। हर विधानसभा क्षेत्र में हर साल एक सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इस तरह पांच साल में एक चुनाव क्षेत्र में पांच सामुदायिक भवन लोगों को मिलेंगे।
 
मतदान करो और इनाम पाओ
भाजपा ने उन पंचायतों को सरकारी स्तर पर सम्मानित करने का ऐलान किया है, जहां 90 फीसदी या इससे अधिक मतदान होगा। घोषणा पत्र के अनुसार गांवों में हर काम ग्राम सभा की मंजूरी से ही होगा। चूंकि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के आने के बाद काम बढ़ा है, इसलिए ग्रामीण विकास विभाग में इंजीनियरिंग विंग अलग से गठित होगा।
 
नए जिले बनाने पर भाजपा कायम
भाजपा सरकार अपने दो कार्यकालों में बेशक नए जिले नहीं बना पाई हो, लेकिन पार्टी ने इस मुद्दे को छोड़ा नहीं है। चुनाव घोषणापत्र में कहा गया है कि भाजपा जरूरत के अनुसार नए जिले बनाएगी। सरल रिटेंशन पालिसी लाने और पब्लिक सर्विस गारंटी एक्ट के तहत और सेवाओं को लाने का वादा भी भाजपा ने दोहराया है।  
विज्ञापन


घोषणाओं पर एक नजर
-सरकारी अस्पतालों में हर मरीज को मिलेंगी मुफ्त दवाएं।
-स्कूली बच्चों को बैग, डिक्शनरी फ्री, लैपटाप स्कीम का विस्तार होगा।
-60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को एक बार तीर्थयात्रा करवाएगी सरकार।
-स्वरोजगार और कृषि के लिए दो फीसदी ब्याज दर पर कर्ज।
-सरकारी, निजी, स्वरोजगार के क्षेत्र में 10 लाख युवाओं को रोजगार।
-हर विधानसभा क्षेत्र में साल में एक सामुदायिक भवन बनेगा। 
-अन्य जिलों में विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर, लॉ और संस्कृत विश्वविद्यालय खुलेंगे।
-वकीलों, टैक्सी और ट्रक ड्राइवरों का भी स्वास्थ्य बीमा होगा।
-10 लाख तक का कारोबार वैट से मुक्त होगा, 500 नई बसें खरीदेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें