पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को बर्दवान में आयोजित रैली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जनता से तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की अपील की।
उन्होंने ममता बनर्जी की अगुवाई वाली राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को दरकिनार कर वोट बैंक की राजनीति को तरजीह दे रही है।
शाह बर्दवान जिले के खागड़ागढ़ में रैली को संबोधित कर रहे थे। बीते साल दो अक्तूबर को इसी इलाके में विस्फोट हुआ था। रैली में जुटी भीड़ से उत्साहित शाह ने कहा कि ममता को बर्दवान विस्फोट का जवाब देना होगा।
वोट बैंक की राजनीति के चलते ही राज्य सरकार ने इस धमाके की सही जांच नहीं की और एनआईए की जांच पर आपत्ति जताई थी।
भाजपा अध्यक्ष ने शारदा चिटफंड घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि ममता इस घोटाले में शामिल पार्टी के नेताओं को बचाने में जुटी हैं।
शाह ने सवाल उठाया कि ममता की नाक के नीचे इतना बड़ा घोटाला होता रहा और उनको भनक तक नहीं लगी? अब जब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है तो ममता को साजिश नजर आ रही है।
शाह ने कहा कि ममता के नेतृत्व में राज्य में विकास संभव नहीं है। एक ओर मोदी सरकार जहां देश को विकास की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं, वहीं ममता बंगाल को पीछे धकेलने में जुटी हुई है। केंद्र बंगाल के विकास के लिए बहुत कुछ करना चाहता है, लेकिन ममता ऐसा नहीं करने दे रही हैं।