महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए अब भाजपा के भीतर राजनीति गरमाती जा रही है। हालांकि भाजपा में देवेंद्र फडनवीस का नाम सबसे आगे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पहली पसंद भी फडनवीस ही हैं, लेकिन पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी इसके लिए तैयार नहीं हैं। गडकरी ने पिछड़े वर्ग के नेता सुधीर मुनगंटीवार का नाम आगे बढ़ा दिया है।
इससे पहले विदर्भ क्षेत्र के 40 से अधिक विधायकों ने गडकरी से उनके निवास स्थान पर मिलकर मुख्यमंत्री पद संभालने की मांग की। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मुनगंटीवार ने भी उनसे यही अपील की। मंगलवार को संघ मुख्यालय नागपुर पहुंचे गडकरी ने देवेंद्र की जगह सुधीर को कमान सौंपने की वकालत की।
गडकरी ने तर्क दिया है कि मुंडे की मौत के बाद राज्य में भाजपा के पास कोई बड़ा पिछड़ा नेता नहीं है। इसलिए सुधीर को मुख्यमंत्री बनाकर पिछड़ों को जोड़े रखना जरूरी है। गडकरी ने यह भी कहा कि अगर आगे चलकर विदर्भ को अलग राज्य बनाने का फैसला हुआ तो नागपुर के विधायक देवेंद्र फडनवीस विदर्भ चले जाएंगे और शेष महाराष्ट्र में भाजपा के सामने नेतृत्व का संकट पैदा हो जाएगा। गडकरी का तर्क यह भी है कि महाजन, मुंडे के बाद राज्य की राजनीतिक हकीकत वही समझते हैं, इसलिए उनकी राय मानी जानी चहिए।