भाजपा में अगले प्रधानमंत्री के उम्मीदवार को लेकर छिड़ी बहस के बीच मध्य प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि पार्टी को इसकी चिंता नहीं है क्योंकि भाजपा में कम से कम 15 ऐसे नेता हैं, जो प्रधानमंत्री बनने की योग्यता रखते हैं। इनमें लाल कृष्ण आडवाणी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा में कम से कम 15 प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं-आडवाणी से लेकर मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री तक। जब समय आएगा, उस समय पार्टी इनमें से किसी एक को चुन लेगी।’
हाल ही में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने टिप्पणी की थी कि प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना में ज्यादा बेहतर उम्मीदवार हैं।
हालांकि विजयवर्गीय ने किसी एक भाजपा नेता के नाम पर मुहर नहीं लगाई। दिग्विजय पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को तो उनकी अपनी पार्टी ही गंभीरता से नहीं लेती और वह सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए विवादित बयानबाजी करते रहते हैं।