नॉनवेज के शौकीन बच्चे अब कुछ ही समय में मीट बिस्कुट, मीट पेटीज और मीट नूडल्स का स्वाद लेंगे। वेटनरी विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए उक्त प्रोडक्ट्स जल्द बाजार में उपलब्ध होंगे। ये प्रोडक्ट बाजार में मौजूद अन्य प्रोडक्ट्स के मुकाबले न केवल सस्ते होंगे, बल्कि बच्चों के शारीरिक विकास में भी मददगार होंगे। मीट से बने यह सभी प्रोडक्ट्स छह माह तक ताजा रहेंगे।
वेटनरी विश्वविद्यालय की प्रोसेसिंग यूनिट ने बच्चों के लिए मीटयुक्त बिस्कुट, पेटीज, नूडल्स तैयार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में साइंटिस्ट डॉ. विकास पाठक और डॉ. वाईपी सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 से मीटयुक्त प्रोडक्ट्स तैयार करने पर रिसर्च चल रही थी। उन्होंने बताया कि बाजार में विभिन्न ब्रांडों के बिकने वाले बिस्कुट और नूडल्स में कार्बोहाईड्रेड की मात्रा काफी अधिक होती है, लेकिन प्रोटीन की मात्रा काफी कम होती है। जबकि बच्चों के शारीरिक विकास के लिए प्रोटीन अत्याधिक जरूरी है। इस बात को ध्यान में रखते हुए चिकन से बिस्कुट, नूडल्स और पेटीज तैयार किए गए हैं।
चिकन में प्रोटीन की मात्रा काफी अधिक होती है। इन बिस्कुट और अन्य प्रोडक्ट्स को खाने से बच्चों के शरीर का तेजी से विकास होगा। मीट से बने अन्य प्रोडक्ट्स का स्वाद भी बच्चों को काफी पसंद आएगा। बाजार में बिकने वाले इस तरह के प्रोडक्ट्स के मुकाबले इनकी कीमत काफी कम होगी। अब यह प्रोडक्ट्स टेस्टिंग के बाद बाजार में उतारे जाएंगे। इस कामयाबी में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एपी सिंह का विशेष योगदान माना जा रहा है।