बिहार पुलिस ने नक्सल प्रभावित इलाके अधौरा से बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन की तस्वीरों वाले पोस्टरों को हटा लिया। साथ ही अपने इस कार्य के लिए माफी भी मांगी है।
पुलिस ने यह कदम अमिताभ की कानूनी कार्रवाई की धमकी दिए जाने के बाद उठाया है। सिने स्टार का कहना है कि ये फोटोग्राफ बिना उनसे सलाह किए इस्तेमाल किए गए। दरअसल ये पोस्टर नक्सल प्रभावित जिले कैमूर के युवाओं को जागरूक करने के विशेष शैक्षणिक अभियान ‘अधौरा 30’ के तहत लगाए गए थे।
अमिताभ ने ट्विटर पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लिखा था कि बिहार पुलिस द्वारा अपनी तस्वीरों के इस्तेमाल की खबर पढ़ी है। यह गैरकानूनी है, इसकी न सहमति ली गई और न ही दी गई है। अब मेरे वकील कार्रवाई करेंगे। कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक उमाशंकर सुधांशु ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता के ट्विटर पर नाराजगी जताए जाने के बाद पोस्टर हटा लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षित और प्रेरित करने के लिए उनके पोस्टर के इस्तेमाल लिए मैं माफी मांगता हूं। इन पोस्टरों से कोई आर्थिक लाभ लेने की कोशिश नहीं की गई है। कैमूर पुलिस की सुपर 30 की तर्ज पर ही अधौरा में प्रतिभावान 30 युवाओं को चुनने की योजना थी।