पुणे के हिंजवड़ी आईटी पार्क क्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक दिवसीय महाशिविर में छह हजार वीवीआईपी को निमंत्रित किया गया है। संघ ने राजनीति और समाजसेवा से जुड़े जिन दिज्गजों को न्योता दिया है उसमें प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे, पूर्व मुयमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और एनसीपी सुप्रीमों शरद पवार के भाई प्रतापराव पवार भी शामिल हैं।
पुणे सहित पश्चिम महाराष्ट्र का इलाका शरद पवार के मजबूत गढ़ के रूप में जाना जाता है। इसलिए शिवशक्ति संगम के जरिए आयोजित एक दिवसीय महाशिविर को आरएसएस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
आरएसएस पश्चिम महाराष्ट्र प्रांत की ओर से आयोजित शिवशक्ति संगम कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी प्रणव पवार ने अमर उजाला को बताया कि पुणे में इस तरह का आयोजन इससे पहले सन 1983 में हुआ था जिसमें 35 हजार लोग इकट्ठा हुए थे। वह कार्यक्रम पूरे महाराष्ट्र का था जबकि तीन जनवरी का कार्यक्रम पश्चिम महाराष्ट्र के सिर्फ सात जिलों का है।
अब तक 1 लाख 58 हजार 778 लोगों ने कराया पंजीकरण
पवार ने बताया कि शिवशक्ति संगम कार्यक्रम के लिए शनिवार की शाम तक कुल 1
लाख 58 हजार 778 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसमें से एक लाख लोग गणवेशधारी
होंगे जबकि अन्य आम नागरिक के रूप में कार्यक्रम में शरीक होंगे।
उन्होंने
बताया कि संघ की ओर से राजनीति, समाजसेवा, डॉक्टर, इंजीनियर, उद्योगपति,
वकील, शिक्षाविद और ब्यूरोक्रेट सहित विभिन्न 18 श्रेणियों के समूह को
आमंत्रित किया गया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, शरद पवार
के भाई उद्योगपति व मीडिया व्यक्तित्व प्रतापराव पवार सहित अन्ना हजारे
आदि शामिल हैं।
इन सभी लोगों ने संघ के निमंत्रण को स्वीकार किया है। प्रणव
पवार ने बताया कि इन दिज्गजों के अलावा पश्चिम महाराष्ट्र के कांग्रेस,
एनसीपी और शिवसेना के सांसदों व विधायकों सहित सभी पार्टियों को आमंत्रित
किया गया है। शिरूर के शिवसेना सांसद शिवाजीराव पाटिल सहित ने शुक्रवार को
संगम स्थल का दौरा भी किया है।
नहीं आएंगे पीएम
आरएसएस
के शिवशक्ति संगम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल नहीं होंगे लेकिन
इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की खबर है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस शिवशक्ति संगम कार्यक्रम में
गणवेश में नहीं बल्कि सादे वेश में उपस्थित होंगे जबकि केंद्रीय मंत्री
प्रकाश जावड़ेकर संघ के परंपरागत गणवेश में नजर आएंगे।
पवार ने बताया कि यह
अखिल भारतीय कार्यक्रम नहीं है इसलिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित नहीं किया
गया है। यह आयोजन पश्चिम महाराष्ट्र का है इसलिए इस इलाके से संबंधित
स्वयंसेवक, बीजेपी नेता और मंत्री गणवेश में उपस्थित होंगे। मुख्यमंत्री
नागपुर से होने के कारण गणवेश के वेश में नहीं होंगे।
सूबे की भाजपानीत
सरकार में पश्चिम महाराष्ट्र से करीब आधा दर्जन मंत्री हैं वे सभी संघ के
गणवेश में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शिवशक्ति
संगम में 15 हजार स्वयंसेवक आरएसएस के परंपरागत बैंड पार्टी का हिस्सा
होंगे। यह बैंड 20 मिनट तक लगातार बजेगा। उसके बाद एक लाख गणवेशधारी
स्वयंसेवक संघ का सामूहिक गीत गाएंगे। गीत के उपरांत आरएसएस प्रमुख मोहन
भागवत का एक घंटे का भाषण होगा।