आईगेट के पूर्व सीईओ फणीश मूर्ति ने यौन शोषण के आरोपों के कारण दूसरी बार कुर्सी गंवाई है। लेकिन वह अकेले नहीं हैं, जो सेक्स स्कैंडल के जाल में फंसकर अपना करियर दांव पर लगा बैठे।
देश से विदेश तक ऐसे कई बड़े नाम हैं, जो महिलाओं से संबंध बनाने को लेकर मुश्किलों में फंसे। ऐसे ही चंद बड़े नामों का एक नजरः
अमरमणि त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री
क्या हुआ थाः उत्तर प्रदेश की सियासत में किसी वक्त बड़ा कद रखने वाले अमरमणि त्रिपाठी को कवयित्री मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में दोषी ठहराया गया। त्रिपाठी पर आरोप लगा कि उन्होंने गर्भपात कराने की बात न मानने पर मधुमिता की हत्या करा दी। दोनों के बीच कथित तौर पर विवाहेत्तर संबंध थे।
अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस नेता
क्या हुआ थाः 2012 में एक सेक्स टैप सामने आया, जिसमें कथित तौर पर अभिषेक मनु सिंघवी एक वरिष्ठ महिला वकील के साथ सेक्स करते दिख रहे थे। हालांकि, दिल्ली हाईकोट ने एक मीडिया हाउस को सेक्स टैप की सामग्री छापने, दिखाने या प्रसारित करने से रोक दिया था, लेकिन जल्द ही यह वीडियो फेसबुक, यूट्यूब और दूसरी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर आ गया।
महिपाल मदेरणा
राजस्थान के पूर्व मंत्री
क्या हुआ थाः भंवरी देवी की हत्या का आरोप मदेरणा पर है। कहा जाता है कि भंवरी मदेरणा और उनके विरोधियों के बीच एक सीडी को लेकर एक डील करा रही थी, जिसमें वह मदेरणा और दूसरे कुछ लोगों के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रही थी। बाद में खुलासा हुआ कि मदेरणा और कांग्रेस विधायक मलखान सिंह ने भंवरी को ठिकाने लगाने की साजिश रची, क्योंकि वह उन दोनों को ब्लैकमेल कर रही थी।
गोपाल गोयल कांडा
हरियाणा के पूर्व मंत्री और एमडीएलआर एयरलांस के प्रमोटर
क्या हुआ थाः एयरलाइन की एक कर्मचारी 23 वर्षीय गीतिका शर्मा के खुदकुशी करने के बाद कांडा बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल की हवा खा रहे हैं। अगस्त 2011 के सुसाइड नोट में उन्होंने कांडा पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस मामले की वजह से कांडा को कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा।
एन डी तिवारी
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री
क्या हुआ थाः एक तेलुगू न्यूज चैनल ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कथित तौर पर तिवारी हैदराबाद के राज भवन में तीन महिलाओं के साथ नजर आ रहे थे। उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई। तिवारी ने इस मामले के पीछे राजनीति का इल्जाम लगाया, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। कुर्सी भी गई।
डेविड पेट्रॉइस
सीआईए के पूर्व डायरेक्टर
क्या हुआ थाः पेट्रॉइस का अपने ऑफिशियल बायोग्राफर पॉला ब्रॉडवेल के साथ कथित तौर पर विवाहेत्तर संबंध चल रहे थे। 9 नवंबर 2012 को उन्हें इसी मामले की वजह से सीआईए डायरेक्टर के पद से हाथ धोना पड़ा।
बिल क्लिंटन
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति
क्या हुआ थाः अमेरिका के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ लियोन पेनेटा में अनपेड इंटर्न रहीं मोनिका लेविंस्की ने आरोप लगाया था कि क्लिंटन के साथ उनके यौन संबंध रहे। यह खबर 1998 में बाहर आई। शुरुआत में क्लिंटन ने इन आरोपों से इनकार किया। लेकिन इसके बाद हुई जांच में वह आरोपी साबित हुए और केस चलाया गया।
डोमिनिक स्ट्रॉस कान
इंटरनेशनल मोनेट्री फंड के पूर्व प्रमुख
क्या हुआ थाः 2011 में सोफिटेल न्यूयॉर्क होटल की 32 वर्षीय कर्मचारी नाफिसातू डियालो ने आरोप लगाया कि कान के सुइट में दाखिल होने के बाद उनके साथ यौन शोषण किया गया। यह मामला बाद में कोर्ट के बाहर निपटाया गया। इसके बाद एक पत्रकार ने भी कान पर 2002 में यौन उत्पीड़न का इल्जाम लगाया।