गोरखपुर रैली में नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार को आड़े हाथों लिया। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव पर तंज करते हुए मोदी ने कहा, 'इन दिनों मैं जहां-जहां जाता हूं, बाप और बेटा मेरा पीछा करते हैं।
मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने मुझे ललकारा है। वे कहते हैं कि वे यूपी को गुजरात नहीं बनने देंगे। नेताजी क्या आपको गुजरात का मतलब पता है?
मोदी ने कहा गुजरात बनाने का मलतब क्या पता है नेताजी? गुजरात बनाने के मलतब है 365 दिन बिजली, 24 घंटे बिजली, हर गांव में बिजली। नेताजी आप की हैसियत नहीं है यूपी को गुजरात बनाने की।
मोदी पर बरसे यूपी के नेताजी
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने वाराणसी रैली में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। मुलायम सिंह ने कहा कि मोदी के हाथ खून से रंगें हैं उनसे क्या मुकाबला।
अपने भाषण में मुलायम ने किया दावा, आगामी लोकसभा में सपा के बिना दिल्ली में सरकार नहीं बन सकती। मुलायम बोले-देश में कोई मॉडल सरकार है, जो किसानों और गरीबों के बारे में सोचती है तो वह यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार है।
मुलायम बोले-मोदी ने मुझे धमकी दी। कहा, मैं गुजरात में घुसा तो मेरी सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी। रैली में मुलायम ने मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, मोदी ने गुजरात के लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया।
शाहरुख खान को लगी चोट
शाहरुख खान को शूटिंग के दौरान चोट लग गई है। उन्हें नानावटी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को चोट लगी है। उन्हें यह चोट उनकी नई फिल्म हैप्पी न्यू ईयर की शूटिंग के दौरान लगी।
सूत्रों के अनुसार शाहरुख को यह चोट मुंह और हाथ में लगी है। वह मुंबई में इस फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। वह एक गाने की शूटिंग कर रहे थे जिसमें उन्हें झटके से दरवाजा खोलना था।
शाहरुख को तत्काल नानावती अस्पातल में भर्ती कराया गया है। उनके सुरक्षाकर्मी के अनुसार उनकी चोट गंभीर नहीं है।
मोदी पर सवाल पूछने पर मारा चांटा
द्वारिकापीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती को नरेंद्र मोदी के प्रधानमत्री बनने के सवाल पर बुधवार को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार पर ही हाथ चला दिया।
उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनको मोदी के पीएम बनने में कोई परेशानी नहीं है बशर्ते जनता ये चाहे।
कांग्रेस नेताओं के ज्यादा करीब माने जाने वाले शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा कि पत्रकार को प्रश्न पूछना है तो भाजपा के बारे में पूछे, भाजपा के धार्मिक विचार के बारे में पूछे लेकिन किसी व्यक्ति के बारे में सवाल करने का क्या मतलब है। पत्रकार का यह चरित्र नहीं होता। उनके पास सभी वर्गों के लोग आते हैं।
आतंक मचाने वाला आदमखोर बाघ हुआ ढेर
तमिलनाडु के मशहूर हिल स्टेशन ऊटी में उत्पात मचाने वाला आदमखोर बाघ को शिकारियों ने करीब बीस दिन की कडी मशक्कत के बाद मार गिराया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नीलगिरी जिले के डोंडाबेड्डा के जंगल में वन विभाग की रैपिड एक्शन फोर्स ने इस आदमखोर बाघ का अंत किया।
तीन लोगों को बना चुका था शिकार। यह बाघ पिछले दिनों के दौरान तीन व्यक्तियों को अपना शिकार बना चुका था जिसमें दो महिला थी। इसका आतंक जिले के 20 गांव में फैला हुआ था।
सोमनाथ पर बढ़ा दबाव, कांग्रेस ने खोला मोर्चा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कानून मंत्री सोमनाथ भारती को लेकर चौतरफा दबाव बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने उपराज्यपाल से मुलाकात की।
लवली ने उपराज्यपाल से मिलकर कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। अरविंदर सिंह लवली ने उपराज्यपाल से कहा कि कानून मंत्री ने कानून तोड़ा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्या खत्म होगा सस्ते कर्ज का इंतजार!
भारतीय रिजर्व बैंक ने महंगाई को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। रिजर्व बैंक के अनुसार मौद्रिक नीति तय करने में खुदरा महंगाई दर को जोड़ कर देखने की जरूरत है।
ऐसे में जब महंगाई दर दो अंकों या उसके करीब हिचकोले खा रही है, रिजर्व बैंक की नई पहल महंगे कर्ज की आशंका को और बढ़ा रही है। इससे महंगे कर्ज का दौर और लंबा खिंच सकता है।
इस मामले में देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों का मानना है कि रिजर्व बैंक की सोच लंबी अवधि के लिए सही है, पर मौजूदा परिस्थितियों में यह कदम उठाना आसान नहीं होगा। उनके अनुसार महंगाई को कम करना अकेले आरबीआई के बस में नहीं है।
नौकरी: नौसेना में मौका, 12वीं पास करें आवेदन
भारतीय नौसेना में नाविकों के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए अविवाहित भारतीय उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए गए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार शैक्षणिक तौर पर केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा मान्यताप्राप्त शिक्षा बोर्ड से 60 प्रतिशत अंकों के साथ विज्ञान श्रेणी में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण हो।
इसके साथ ही भौतिकी तथा गणित में कम से कम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने 55 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।
मोहब्बत पर लगाया पहरा तो प्रेमी जोड़े ने दी जान
मोहब्बत को मुकाम न मिलने के आसार पर प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी। उनके परिजनों ने बुधवार सुबह गुपचुप तरीके से दोनों को एक साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
पुलिस को इस आत्मघाती कदम की जानकारी नहीं दी गई। यह घटना उत्तर प्रदेश के ज्योतिबाफूलेनगर जिले की है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के किसान की बेटी का राशन डीलर के भाई से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घर अगल-बगल में थे।
आपस में करीबी रिश्तेदारी भी थी। धीरे-धीरे इस इश्क का चर्चा आम हो गया। लड़की के परिजनों ने रिश्ता करने से इनकार कर दिया।
पुरानी कार के कारण मिली सपनों की नौकरी
एक व्यक्ति को पुरानी कार ने सपनों की नौकरी दिला दी है। पुरानी कारों की वजह से आज उसके घर में खुशी फैली है।
एक पुरानी कार को बेचने के लिए बनाए गए एक विचित्र विज्ञापन से एक बेरोजगार स्वीडन नागरिक को उसके सपने की नौकरी मिल गई है।
अट्ठाईस वर्षीय बेरोज़गार युवक नील्स जैनगन बेरोज़गारी के कारण मजबूर हो कर अपना 1985 मॉडल की सुबारू कार ऑनलाइन बेचना चाहता था लेकिन उसके इस ऑनलाइन विज्ञापन की वजह से एक उच्च प्रोफ़ाइल मोटरिंग पत्रिका ने उसे एक नौकरी की पेशकश की है।