मुंबई क्राइम ब्रांच ने नकली नोटों के साथ गिरफ्तार बांग्ला फिल्म अभिनेता बाबुल शेख के यासीन भटकल से करीबी रिश्तों का खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच के एसीपी निकेत कौशिक ने बृहस्पतिवार को बताया कि भटकल ने ही बाबुल को नकली नोटों के कारोबार में आने की सलाह दी थी। बांग्ला फिल्म अभिनेता से फरार यासीन भटकल के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से बांग्ला फिल्म अभिनेता बाबुल शेख उर्फ खुर्शीद शेख को मुंबई लेकर आई क्राइम ब्रांच ने उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक बाबुल की 2002 में मालदा में ही यासीन से मुलाकात हुई थी।
भटकल ने बाबुल की मुलाकात नकली नोटों के एक कारोबारी से कराई थी। उसके पास से पुलिस ने 1 लाख 40 हजार के नकली नोट भी बरामद किए हैं। मुंबई पुलिस के मुताबिक बाबुल शेख ने नकली नोटों के कारोबार से इतने पैसे कमाए कि बांग्ला फिल्म का निर्माता बन गया और खुद ही इसमें हीरो भी बना।
वह एक हिंदी फिल्म का निर्माण भी कर चुका है, जो अभी प्रदर्शित नहीं हुई है। गौरतलब है कि कोलकाता पुलिस ने 2004 में मालदा से ही यासीन भटकल को हिरासत में लिया था। बाद में वह जमानत पर छूटने पर फरार हो गया। पुणे और मुंबई में हुए बम विस्फोटों का वह मुख्य आरोपी है।