उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में करीब एक हफ्ते पहले एक लड़की के साथ हुए दुष्कर्म और उसके के बाद उसकी आत्महत्या के मामले में जो वजहें सामने आई हैं उसमें सबसे बड़ी वजह घर में शौचालय का न होना है।
बीते मंगलवार दुष्कर्म का शिकार हुई 16 साल की युवती ने अगली सुबह समाज के भय से आत्महत्या कर ली थी। स्थानीय पुलिस के मुताबिक युवती ने बुधवार की सुबह खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी निर्देश वर्मा (18) को गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन इस घटना के बाद यह सवाल एक बार फिर से मुंह खोल कर सबके सामने खड़ा हो गया कि आखिर लोग अपने घर में शौचालय क्यों नहीं बनवाते।
युवती के परिजनों के मुताबिक उनके पास इतने पैसे ही नहीं हैं कि वे घर में शौचालय बनवा सकें। उन्होंने कहा कि हम खुले में शौच करने शौक से नहीं जाते बल्कि यह हमारी मजबूरी है। यह मजबूरी केवल इसी परिवार की नहीं है बल्कि गांव में रहने वाले उन 500 लोगों की भी है जिनके पास शौचालय बनवाने के लिए पैसे तक नहीं है।