वोटर बनिए और बिलों पर छूट पाइए। मतदाता पहचान पत्र बनवाने के प्रति युवाओं की बेरुखी को देखते हुए दिल्ली के चुनाव आयोग कार्यालय ने ऐसा ही एक प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके तहत 18-20 साल के युवाओं को रेस्टोरेंट के बिल और सिनेमाघरों की टिकटों के मूल्य में 10 फीसदी तक की छूट देने की योजना है। इस योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं को अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाना होगा। इस प्रस्ताव को अभी रेस्टोरेंट और सिनेमाघर चेन चलाने वाले समूहों की मंजूरी मिलनी बाकी है।
दिल्ली के कुल वोटरों में युवाओं की हिस्सेदारी मात्र 4 फीसदी है, जो कि बेहद कम है। एक आंकड़े के मुताबिक, राजधानी में 18-20 साल उम्र के करीब 7 लाख युवा हैं। मगर इस उम्र के वोटरों की संख्या महज एक लाख ही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि युवा वोटर आई कार्ड बनवाने में कोई रुचि नहीं लेते हैं।
इन दिनों वोटर आई कार्ड बनाने का काम चल रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग ने युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (स्पेशल) डॉ. अजय कुमार सिंगला के मुताबिक, युवाओं को फोकस में रखकर इस योजना को बनाया गया है। रेस्तरां चेन व सिनेमाघरों से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।