फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उग्र हुए प्रदर्शनकारी, आंसू गैस के गोले छोड़े गए

Sun, 23 Dec 2012 03:33 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली में मेडिकल छात्रा के साथ हुई गैंग रेप की की घटना से उभरा जनाक्रोश प्रशासन की नींद तोड़ने में जुटा है। इंडिया गेट पर जुटे प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं को घसीटा जा रहा है लेकिन वे फिर भी वहां से हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
विज्ञापन


पुलिस ने आज फिर प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोलों और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया है। पुलिस के बल प्रयोग के बावजूद न तो न्याय की मांग की उनकी जिद कम हुई है और न ही उनके गगनभेदी नारों का स्वर थोड़ा भी मद्धिम हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने कल भी इसी तरह विजय चौक पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था जिन्हें करीब नौ घंटे की कडी मशक्कत के बाद ही बल प्रयोग करके पीछे धकेला जा सका था। राष्ट्रपति भवन और रक्षा एवं गृह मंत्रालयों के निकट विजय चौक पर कल सुबह आठ बजे से जमा हुजूम को सुरक्षा बलों ने आठ बार लाठी चार्ज, पानी की तेज बौछारों और कई बार आंसू गैस के गोले छोड़कर इंडिया गेट की तरफ हटने पर मजबूर कर दिया था।
विज्ञापन


कल की घटना से सजग हुए प्रशासन ने आज प्रदर्शनकारियों को इंडिया गेट पर पहुंचने से रोकने के लिए वहां पहुंचनी वाली सभी सड़कों पर आवागमन बंद कर दिया है। इसके अलावा इंडिया गेट के पास के अधिकतर मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए हैं।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विजय चौक पर बडी संख्या में पहुंच रहे प्रदर्शनकारियों के कारण सुरक्षा बंदोबस्त के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के निर्देश के अनुसार सुबह छह बजे से अगले आदेश तक खान मार्केट, मंडी हाउस और बाराखंबा स्टेशनों को बंद किया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो ने अपने चार अन्य स्टेशनों केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, उद्योग भवन और रेस कोर्स स्टेशन के बंद होने का एलान कल ही कर दिया था। इस तरह प्रदर्शन की वजह से सात स्टेशनों पर मेट्रो परिचालन बंद रहेगा। इन स्टेशनों पर यात्री ट्रेन बदल सकेंगे लेकिन उन्हें प्रवेश और निकासी की अनुमति नहीं होगी।

फिलहाल इंडिया गेट से प्रदर्शनकारियों को हटाने में पुलिस जुटी हुई है। सरकार ने लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है लेकिन आक्रोशित जनता पर इसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है।

छात्रा के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आक्रोश की ज्वाला धधका दी है और जगह-जगह प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। महिलाओं की आन-मान और सम्मान की सुरक्षा के गगनभेदी नारे देश के हर कोने में गूंज रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और बाबा रामदेव भी प्रदर्शनों में शामिल हुए हैं।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें